पति के साथ हनीमून पर गोवा गई पत्नी अचानक पति का साथ छोड़ अकेले भागी

हनीमून पर गया डॉक्टर पति, गोवा से अकेली लौटी दुल्हन, मायके पहुंचते ही दर्ज कराया केस

महराजगंज, 23 फरवरी 2025 – हनीमून हर शादीशुदा जोड़े के लिए खास होता है। हनीमून पर संजोई गईं यादें जिंदगीभर रहती हैं। मगर उत्तर प्रदेश के महराजगंज से जो मामला सामने आया है, उसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां हनीमून पर गोवा गए डॉक्टर पति और पत्नी के बीच कुछ ऐसा हुआ कि नई नवेली दुल्हन अपना हनीमून छोड़कर फौरन गोवा से भाग निकली। उसने फ्लाइट पकड़ी और सीधे अपने मायके पहुंच गई।

मायके पहुंचते ही पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

मायके पहुंचने के बाद पत्नी ने पुलिस के सामने अपने पति की सारी हरकतें बता दीं और उसके खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। दरअसल, पत्नी का आरोप है कि गोवा में हनीमून के दौरान उसके पति ने उसके साथ मारपीट की थी।

12 फरवरी को हुई थी शादी

पीड़िता सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। युवती के मुताबिक, उसकी शादी 12 फरवरी को निचलौल क्षेत्र के रहने वाले डॉक्टर रत्नेश गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद जब वह अपने ससुराल पहुंची, तो वहां उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न किया गया।

युवती का कहना है कि उसने इस बारे में अपने मायके वालों को जानकारी दी। परिजन ससुराल पहुंचे और समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया। जब सब कुछ ठीक लगने लगा, तो हनीमून के लिए 19 फरवरी को गोवा रवाना हो गए।

गोवा में हुआ बड़ा विवाद

पत्नी का आरोप है कि गोवा में भी उसके डॉक्टर पति ने उसके साथ मारपीट की और प्रताड़ित किया। महिला का कहना है कि पति ने गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश भी की।

गोवा से ही उसने अपने मायके वालों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत वापस लौटने की सलाह दी। बिना देरी किए उसने फ्लाइट पकड़ी और अकेली ही अपने मायके लौट आई।

पुलिस कर रही जांच

इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि युवती की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *