Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पति के ब्रह्मभोज में भी बाधा डाल रहे दबंग सूदखोर, पीड़िता ने डीआईजी से लगाई सुरक्षा की गुहार
बस्ती, 20 जून 2026।
बस्ती के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पोखरभिटवा गांव में सूदखोरी से जुड़े एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। सूदखोरों के कथित उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने वाले हरेन्द्र सिंह की पत्नी शोभना सिंह ने अब बस्ती परिक्षेत्र के डीआईजी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए पति के ब्रह्मभोज को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
शोभना सिंह द्वारा डीआईजी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि उनके पति हरेन्द्र सिंह ने गांव के कुछ कथित सूदखोरों के दबाव और उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में उनकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से आरोपितों का मनोबल बढ़ गया है।
पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही श्याम बहादुर सिंह और राघवेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह लगातार उन पर मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। इसके लिए विभिन्न प्रकार के प्रलोभन दिए जा रहे हैं और इनकार करने पर उन्हें तथा उनके परिवार को जान-माल की धमकियां दी जा रही हैं।
शोभना सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों द्वारा उनके घर आने-जाने का रास्ता बाधित कर दिया गया है। इतना ही नहीं, ब्रह्मभोज की तैयारियों में लगे सफाईकर्मियों, कहारों और अन्य सहयोगियों को भी धमकाया जा रहा है कि यदि वे उनके घर गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों के प्रभाव के कारण कोई भी व्यक्ति खुलकर गवाही देने को तैयार नहीं है।
डीआईजी को भेजे गए पत्र में शोभना सिंह ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके दिवंगत पति के ब्रह्मभोज कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। हालांकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
NGV PRAKASH NEWS