
Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS
रौतापार फायरिंग कांड में बड़ा खुलासा, पुलिस कस्टडी रिमांड पर मिले अभियुक्तों की निशानदेही पर अवैध पिस्टल व बाइक बरामद
बस्ती, 20 जून 2026।
जनपद बस्ती की कोतवाली पुलिस ने रौतापार क्षेत्र में हुए हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान तीन अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 235/2026, धारा 109(1) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त युवराज सिंह, प्रिंस चौधरी और प्रिंस यादव को न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अवैध 32 बोर पिस्टल तथा पल्सर मोटरसाइकिल (UP 51 BU 9455) बरामद की है।
मामला 30 मई 2026 का है, जब रौतापार निवासी सौरभ श्रीवास्तव ने पुलिस को सूचना दी थी कि सुबह करीब पांच बजे कुछ हथियारबंद युवक उनके घर पहुंचे और गेट पर खड़े होकर शोर-शराबा करने लगे। जब वह बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, तभी जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। सौभाग्य से घर का गेट बंद होने के कारण वह सुरक्षित बच गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवराज सिंह और उसके दो साथियों प्रिंस चौधरी तथा प्रिंस यादव की पहचान की थी। तीनों आरोपी 10 जून 2026 से जिला कारागार में निरुद्ध थे। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वादी पक्ष के एक सदस्य द्वारा कथित रूप से युवराज सिंह के घर पर पत्थर फेंकने और उसकी मां के साथ दुर्व्यवहार किए जाने से नाराज होकर उन्होंने घटना को अंजाम दिया था।
प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद्र के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने बरामदगी की कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस ने बरामद हथियार और वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS