मंदिर का सभा मंडप गिरा, 6 मरे दर्जनों घायल…….

NGV PRAKASH NEWS

यशवाड़ी मारुति मंदिर में बड़ा हादसा: सभा मंडप गिरने से 6 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

परभणी (महाराष्ट्र), 20 जून 2026।

महाराष्ट्र के परभणी जिले की मानवत तहसील स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर परिसर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के सामने बना सभा मंडप अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय मंडप के नीचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। अनुमान है कि 30 से 40 लोग मलबे में दब गए थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा राहत दल और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया गया।

घायलों को तत्काल आर.पी. अस्पताल सहित अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने मौके पर कई एम्बुलेंस तैनात कर राहत कार्य को गति दी। अधिकारियों के अनुसार मलबे को हटाने का कार्य लगातार जारी रहा ताकि किसी भी फंसे हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में बना सभा मंडप निर्माणाधीन था। शनिवार होने और हनुमान मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे थे। कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों के बीच मंडप के नीचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान मंडप की छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया और यह बड़ा हादसा हो गया।

घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि निर्माणाधीन छत का हिस्सा गिरने से श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु हुई है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *