डग्गामार बस की ठोकर से पुलिसकर्मी की मौत…….

👉 आम जनता के वाहनों का चालान करने वाली ट्रैफिक पुलिस क्यों मेहरबान है डग्गामार बसों पर…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

डग्गामार मिनी बस की टक्कर से पुलिसकर्मी की मौत, क्षेत्र में शोक और आक्रोश

बस्ती, 22 जून 2026।

बस्ती के वॉल्टरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर में तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। तेज रफ्तार से चल रही एक अवैध मिनी बस ने बाइक सवार आरक्षी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिद्धार्थनगर जनपद में तैनात आरक्षी मिथिलेश अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वॉल्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित बालेडीहा आयुर्वेद अस्पताल के पास एक डग्गामार मिनी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आरक्षी मिथिलेश सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद घायल पुलिसकर्मी काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।

इस हादसे के बाद अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि ऐसे वाहनों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने परिवहन विभाग और संबंधित अधिकारियों से अवैध वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है।

सूचना मिलने पर वॉल्टरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

आरक्षी मिथिलेश की असामयिक मृत्यु से उनके परिजनों, सहकर्मियों और क्षेत्रीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। वहीं हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

👉 यहां सवाल यह उठता है कि आम पब्लिक की पैदल ले जा रहे मोटरसाइकिल का भी चालान कर देने वाली पुलिस आखिर डग्गामार वाहनों पर क्यों है इतना मेहरबान | वहीं अगर लोगों की बात पर विश्वास करें तो हफ्ता मिलने के कारण नहीं होती है ऐसे वाहनों पर कोई कार्रवाई |

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *