NGV PRAKASH NEWS

गुरुग्राम में सनसनी: शादीशुदा होने का पता चलने पर विवाद, महिला को जिंदा जलाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम (हरियाणा), 03 जुलाई 2026।
हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की कथित रूप से मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी सुनील उर्फ नोनी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से केरोसिन की बोतल भी बरामद की गई है। आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और महिला पिछले करीब डेढ़ वर्ष से रिश्ते में थे। इसी दौरान महिला को पता चला कि सुनील पहले से शादीशुदा है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि महिला जब आरोपी की दुकान पर उससे बात करने पहुंची तो बहस के दौरान उसने उस पर मिट्टी का तेल फेंक दिया।
बताया गया कि बाद में दोनों ने विवाद सुलझाने की कोशिश की और गुरुग्राम के सोहना रोड स्थित एक फ्लैट में साथ रुके। अगले दिन फिर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान सुनील ने महिला को आग के हवाले कर दिया।
घटना के बाद आरोपी स्वयं महिला को गुरुग्राम के आर्टेमिस अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
पुलिस को आर्टेमिस अस्पताल से झुलसी हुई महिला के भर्ती होने की सूचना मिली थी। बाद में महिला के परिजन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि महिला ने अपने बयान में सुनील उर्फ नोनी पर आग लगाने का आरोप लगाया था और यह भी कहा था कि शिकायत करने पर उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
शिकायत के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS