NGV PRAKASH NEWS

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: Google और Apple को नोटिस, बैटरी मैनेजमेंट के 7 ऐप हटाने के निर्देश
नई दिल्ली, 03 जुलाई 2026।
केंद्र सरकार ने सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए Google Android और Apple iOS को नोटिस जारी कर बैटरी मैनेजमेंट से जुड़े सात मोबाइल ऐप्स को अपने-अपने ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। सरकार को आशंका है कि इन ऐप्स का दुरुपयोग ई-रिक्शा और अन्य बैटरी चालित वाहनों को दूर से बंद (डिसेबल) करने के लिए किया जा रहा था।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, जिन ऐप्स पर कार्रवाई की गई है, उनमें BAT-BMS, Lossigy और Epoch-i-ion सहित सात बैटरी मैनेजमेंट ऐप शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन ऐप्स के जरिए ब्लूटूथ कनेक्टिविटी का उपयोग कर कुछ बैटरी सिस्टम में पावर आउटपुट को नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे वाहन अचानक बंद हो सकता है।
सरकार ने यह कदम ऐसे वीडियो और शिकायतों के सामने आने के बाद उठाया, जिनमें ई-रिक्शा चलते-चलते दूर से बंद होते दिखाई दिए। इससे कई चालक बीच रास्ते में फंस गए और उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हुई।
MeitY के सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि सरकार पहले भी ऐसे दो ऐप्स को हटवा चुकी है और अब ऐप प्लेटफॉर्म के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आम लोगों के लिए संभावित रूप से हानिकारक ऐप्स उपलब्ध न रहें।
अधिकारियों के अनुसार, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) ऐप का मूल उद्देश्य बैटरी के वोल्टेज, करंट, चार्जिंग स्टेटस और तापमान जैसी तकनीकी जानकारी की निगरानी करना होता है। हालांकि, कम सुरक्षा वाले बैटरी सिस्टम में इसी इंटरफेस का दुरुपयोग कर बैटरी की डिस्चार्ज प्रक्रिया को दूर से रोका जा सकता है। यह खतरा विशेष रूप से उन सस्ते बैटरी पैक में अधिक पाया गया है, जिनमें बिना पासवर्ड सुरक्षा या उचित ऑथेंटिकेशन के ब्लूटूथ एक्सेस उपलब्ध रहता है।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि बैटरी चालित वाहनों में दूर से छेड़छाड़ करने में सक्षम किसी भी ऐप के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, अन्य संदिग्ध ऐप्स की भी जांच की जा रही है और ऐप प्लेटफॉर्म से कनेक्टेड डिवाइस ऐप्स की सुरक्षा जांच और मजबूत करने को कहा गया है।
NGV PRAKASH NEWS