91 वर्ष की उम्र में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी की माँ नें ली अंतिम सांस…….

NGV PRAKASH NEWS

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस

20 नवंबर 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। वह 91 वर्ष की थीं। उम्र से संबंधित बीमारियों के चलते उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में उन्होंने अंतिम सांस ली। पंचूर गांव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है, जहां उनका परिवार लंबे समय से रह रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड रवाना होने वाले हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह गोरखपुर से लखनऊ पहुंचेंगे और वहां से विमान के जरिए देहरादून स्थित जॉली ग्रांट एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से यमकेश्वर पहुंचकर अपने पैतृक गांव पंचूर जाएंगे, जहां मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करेंगे। अंतिम दर्शन के बाद मुख्यमंत्री वापस उत्तर प्रदेश लौटेंगे।

मई 2022 में मां से मिलने पहुंचे थे पैतृक गांव

योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड में हुआ था और उनका बचपन पंचूर गांव में बीता। मई 2022 में लंबे समय बाद वह अपने पैतृक गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। उस मुलाकात की तस्वीरें भी काफी चर्चा में रही थीं।

जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने ऋषिकेश स्थित एम्स पहुंचे थे। उस समय सावित्री देवी अस्पताल में उपचाराधीन थीं। मुख्यमंत्री ने मां से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली थी। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।

उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है तथा उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मायावती ने भी व्यक्त की संवेदना

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि योगी आदित्यनाथ की माता के उनके गांव में निधन की खबर अत्यंत दुखद है। मायावती ने परिवार और रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

2020 में हुआ था पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे और किडनी एवं लिवर संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। गंभीर हालत में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

पिता के निधन की खबर उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिली थी, जब वह कोरोना संकट से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 1991 में सेवानिवृत्त होने के बाद पंचूर गांव में रहने लगे थे।

मां सावित्री देवी के निधन की खबर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक की लहर है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *