विश्वनाथ मंदिर परिसर में पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, तीन लोग घायल…….

NGV PRAKASH NEWS

विश्वनाथ मंदिर परिसर में पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, तीन लोग घायल

वाराणसी, 04 जुलाई 2026।

वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। घटना सुबह करीब सात बजे नंदू फारिया प्वाइंट के पास हुई, जहां कार्बाइन हाथ से छूटने के कारण दो राउंड फायर हो गए। गोली जमीन पर लगी, लेकिन उसके छर्रे पास की फूल-माला की दुकान पर काम कर रहे तीन कर्मचारियों को लग गए।

घटना में रामबाबू गौड़ (सकरकंद गली), विकास यादव (डोमरी) और निखिल गुप्ता (राजघाट) घायल हो गए। विकास के हाथ और कमर, रामबाबू के पेट और हाथ तथा निखिल के हाथ में छर्रे लगे। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय 48वीं वाहिनी पीएसी के जवान अमरनाथ चौहान ड्यूटी पर तैनात थे। कार्बाइन हाथ से छूटने के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिसके बाद मंदिर परिसर में हालात सामान्य हो गए।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि नंदू फारिया प्वाइंट पर पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन छूटने के कारण दो राउंड फायर हुए। गोली जमीन पर लगी, जिससे उछले छर्रे तीन दुकानदारों को लगे। सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *