NGV PRAKASH NEWS

सरकारी रिकॉर्ड में ‘मृत’ घोषित युवती न्याय की लड़ाई लड़ने को मजबूर, जिलाधिकारी से लगाई गुहार
बस्ती, 04 जुलाई 2026।
बस्ती जिले के सदर विकासखंड अंतर्गत रतनपुर अर्जुन गांव की रहने वाली 23 वर्षीय सुमन चौधरी सरकारी अभिलेखों में खुद को जीवित साबित करने के लिए प्रशासनिक और कानूनी लड़ाई लड़ने को मजबूर हैं। परिवार रजिस्टर में कथित रूप से हुई गंभीर त्रुटि के कारण उन्हें अपने अधिकारों के साथ-साथ कई सरकारी कार्यों में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमन चौधरी का जन्म 17 अगस्त 2002 को हुआ था। आरोप है कि 17 मई 2017 को तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा परिवार रजिस्टर (भाग-1) में उन्हें ‘मृत’ तथा ‘निरक्षर’ दर्ज कर दिया गया। जबकि सुमन जीवित हैं और वर्ष 2019 में हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर चुकी हैं।
सुमन का कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड में हुई इस गलत प्रविष्टि की वजह से उन्हें पिता की संपत्ति में अपना अधिकार दर्ज कराने, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने, पहचान संबंधी दस्तावेज बनवाने तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगातार बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि इस त्रुटि ने उनके कानूनी और मौलिक अधिकारों को भी प्रभावित किया है।
इसी मामले को लेकर सुमन चौधरी ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और परिवार रजिस्टर में दर्ज ‘मृत’ की प्रविष्टि हटाकर उन्हें ‘जीवित’ तथा ‘निरक्षर’ के स्थान पर ‘साक्षर’ दर्ज किए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने इस मामले में तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
फिलहाल मामला अब प्रशासन के संज्ञान में है। देखना यह है कि जांच के बाद परिवार रजिस्टर में सुधार की प्रक्रिया कितनी जल्द पूरी होती है और इस गंभीर लापरवाही अथवा संभावित साजिश के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
NGV PRAKASH NEWS