Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

161 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 60 लाख रुपये के फोन लौटाकर संतकबीरनगर पुलिस ने बिखेरी मुस्कान
संतकबीरनगर, 11 जुलाई 2026।
संतकबीरनगर पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 161 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सर्विलांस/यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदा मोबाइलों का पता CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, CCTNS प्रणाली, IMEI नंबर और तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से लगाया गया। लगातार की गई तकनीकी जांच के बाद सभी मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
देश के कई राज्यों से भी बरामद हुए मोबाइल
संतकबीरनगर पुलिस ने सिर्फ जनपद ही नहीं बल्कि दिल्ली, लखनऊ, मुंबई, बेंगलुरु, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, आंध्र प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना सहित कई राज्यों से भी गुम हुए मोबाइल बरामद किए हैं। संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों तक पहुंचाया जाएगा।
थानों की रही अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में सर्विलांस सेल के साथ-साथ जनपद के विभिन्न थानों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें महुली थाना से सबसे अधिक 41 मोबाइल, बेलहरकला से 36, दुधारा से 20, कोतवाली खलीलाबाद से 18, धनघटा से 14, बखिरा से 13, मेंहदावल से 9, महिला थाना से 8 और धर्मसिंहवा से 2 मोबाइल बरामद किए गए।
गुम हो जाए मोबाइल तो क्या करें?
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत CEIR पोर्टल (ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज कर IMEI नंबर ब्लॉक और ट्रेस कराएं। शिकायत के लिए आधार कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल (यदि उपलब्ध हो), गुमशुदगी/एफआईआर की प्रति, मोबाइल नंबर, IMEI नंबर और मोबाइल मॉडल की जानकारी आवश्यक होती है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मोबाइल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
NGV PRAKASH NEWS