सिरफिरे प्रेमी ने जय माल के समय दुल्हन को मारी गोली…….

NGV PRAKASH NEWS

जयमाला के दौरान दुल्हन को मारी गोली, चौसा की शादी समारोह में सनसनी

बक्सर, 26 फरवरी 2026.

बक्सर जिले के चौसा नगर पंचायत में एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब जयमाला की रस्म के दौरान एक युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बारात चौसा पहुंची थी। द्वारपूजा के बाद जयमाला की रस्म चल रही थी। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े थे और रिश्तेदार फोटो खिंचवा रहे थे। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक युवक अचानक स्टेज के पास पहुंचा और पिस्टल निकालकर दुल्हन पर गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी और समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। आरोपी इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

गोली लगने के बाद दुल्हन को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और शादी की रस्में बीच में ही रोक दी गईं।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जयमाला के दौरान अचानक गोली चलने और लोगों के इधर-उधर भागने का दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो को जांच के दायरे में लिया है।

मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक दुल्हन का परिचित है और इस विवाह से नाराज बताया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *