NGV PRAKASH NEWS

तेलंगाना में सनसनी: जमानत पर बाहर आए POCSO आरोपी ने एक रात में 6 लोगों की हत्या, दो परिवार तबाह
हैदराबाद/रंगारेड्डी, 11 जुलाई 2026।
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पॉक्सो एक्ट के मामले में जमानत पर बाहर आए 35 वर्षीय आरोपी ने एक ही रात में छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में वह नाबालिग लड़की भी शामिल है, जिसने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वारदात के बाद आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले शबद क्षेत्र स्थित पीड़िता के घर पहुंचा। दरवाजा खुलते ही उसने नाबालिग की 42 वर्षीय मां पर चाकू से हमला कर दिया और फिर घर के अंदर सो रही 60 वर्षीय नानी की भी हत्या कर दी। घर में मौजूद नाबालिग की 20 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर बहन को उसने नुकसान नहीं पहुंचाया।
इसके बाद आरोपी नाबालिग लड़की को जबरन अपनी कार में बैठाकर गांव के पास स्थित झील के किनारे ले गया, जहां चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। शव झील के बांध के पास बरामद हुआ।
वारदात यहीं नहीं रुकी। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी रात करीब 11:21 बजे अपने घर पहुंचा और महज छह मिनट के भीतर अपनी 31 वर्षीय पत्नी तथा 4 वर्ष और 18 महीने के दो मासूम बेटों का गला रेतकर उनकी भी हत्या कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग के परिवार ने इसी वर्ष मई में आरोपी के खिलाफ पीछा करने और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। आरोपी फिलहाल उसी मामले में जमानत पर बाहर था।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब आत्महत्या करने जा रहा है। बेटे की बात सुनते ही पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी छह शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
📍 सांकेतिक फोटो AI द्वारा निर्मित