Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बेलहरकला पुलिस का बड़ा खुलासा: तीन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; नकदी, जेवरात, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
संतकबीरनगर, 22 जुलाई 2026।
संतकबीरनगर पुलिस ने चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, बर्तन, खाद्यान्न, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, नाजायज चाकू तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने कोतवाली खलीलाबाद, बखिरा और बेलहरकला थाना क्षेत्रों में हुई तीनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थानाध्यक्ष हरिकेश भारती के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बुधवार को झमरहिया पोखरा, नगर पंचायत बेलहरकला क्षेत्र से दिलवर पुत्र शंकर निषाद तथा अमन पुत्र राकेश को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पायल, दो सोने की अंगूठियां, एक लोटा, एक थाल, एक बोरी गेहूं, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक नाजायज चाकू तथा 2,000 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई।
पुलिस के अनुसार पहली घटना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में हुई थी, जहां घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात, दस्तावेज और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। दूसरी घटना बखिरा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जीवधरा में हुई, जहां स्कूल का ताला तोड़कर अभिलेख, खेल सामग्री, गैस सिलेंडर, साउंड सिस्टम तथा खाद्यान्न चोरी कर लिया गया था। तीसरी घटना बेलहरकला थाना क्षेत्र में हुई, जहां मकान का ताला तोड़कर जेवरात, नकदी, बर्तन और राशन चोरी किया गया था।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पहले बंद मकानों और सुनसान स्थानों की रेकी करते थे। रात के समय ताला तोड़कर घरों, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के सामान को आपस में बांट लेते थे और कुछ सामान बेचकर खर्च चलाते थे। उनकी निशानदेही पर चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त दिलवर के विरुद्ध पहले से एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमन के विरुद्ध भी चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मुकदमे पंजीकृत हैं।
इस कार्रवाई में बेलहरकला पुलिस, सर्विलांस सेल तथा एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
NGV PRAKASH NEWS