डीआईजी संजीव त्यागी ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक,तामेश्वरनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

डीआईजी संजीव त्यागी ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, अपराध समीक्षा बैठक के बाद तामेश्वरनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संतकबीरनगर, 29 जुलाई 2026।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने बुधवार को जनपद संतकबीरनगर के दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने ‘मिशन शक्ति फेज-5.0 (II)’ एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत खलीलाबाद स्थित एम.एन. पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। इसके बाद सर्किट हाउस में पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की और श्रावण मास, कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि के दृष्टिगत तामेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

एम.एन. पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी संजीव त्यागी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 (II) की जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 102 एवं 108 के बारे में विस्तार से बताया तथा मिशन शक्ति के पंपलेट भी वितरित किए। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताते हुए किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

इसके उपरांत डीआईजी ने सर्किट हाउस, संतकबीरनगर में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं तथा जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के अंतिम चरण में डीआईजी संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर के साथ श्रावण मास, कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि के मद्देनजर तामेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद, मंदिर समिति के पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *