जिला जज नें न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाल संप्रेषण गृह का किया निरीक्षण…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बाल संप्रेषण गृह का जिला जज समेत न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं

बस्ती, 30 जुलाई 2026।

जनपद बस्ती स्थित राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर), पचपेड़िया मार्ग का गुरुवार को जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के नेतृत्व में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की देखभाल, भोजन, शिक्षा, स्वच्छता तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं और कहीं भी कोई आपत्तिजनक स्थिति नहीं पाई गई।

निरीक्षण दल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेंद्र कुमार-प्रथम, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड राज बाबू, क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी तथा उप जिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार भी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि कुछ किशोरों की जमानत लंबित है। इस पर प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संप्रेषण गृह के अधीक्षक को निरीक्षण समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।

अधीक्षक ने बताया कि संप्रेषण गृह में निरुद्ध किशोरों के शैक्षणिक एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग, बस्ती के कंप्यूटर प्रशिक्षक अंकित गुप्ता प्रत्येक रविवार को यहां आकर किशोरों को कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करते हैं।

निरीक्षण के समय बाल संप्रेषण गृह में बस्ती के 28, संतकबीरनगर के 27, सिद्धार्थनगर के 30 तथा मेरठ के 1 किशोर सहित कुल 86 किशोर निरुद्ध थे। अधीक्षक ने बताया कि मेरठ से एक बाल अपचारी स्थानांतरित होकर यहां आया है।

निरीक्षण के दौरान रसोईघर का भी निरीक्षण किया गया, जहां पर्याप्त साफ-सफाई पाई गई। रसोइये ने बताया कि दाल और चावल तैयार हो चुके हैं तथा रोटियां बनाई जा रही हैं। वहीं किशोरों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें समय पर पौष्टिक एवं पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने संप्रेषण गृह के पीछे स्थित आंगन का भी निरीक्षण किया और परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किशोरों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, खेलकूद, संतुलित आहार और अच्छे आचरण के महत्व के बारे में प्रेरित किया तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *