Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी और एसपी ने लिया जायजा, शिव मंदिरों का किया निरीक्षण
संतकबीरनगर, 30 जुलाई 2026।
आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को थाना मेंहदावल और बखिरा क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कुबेरनाथ मंदिर, कोपिया शिव मंदिर, झारखण्डेश्वर शिव मंदिर (देवकली) तथा बाबा भागेश्वरनाथ शिव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने कहा कि दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
दोनों अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन समितियों के पदाधिकारियों से भी वार्ता कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पुलिस व मंदिर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी कांवड़ यात्रा और श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं तथा संतकबीरनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
NGV PRAKASH NEWS