NGV PRAKASH NEWS

दलित महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, थानाध्यक्ष और सिपाही पर लगाए गंभीर आरोप
मारपीट, जातिसूचक गालियां और जबरन समझौते का आरोप, एसपी ने जांच के दिए निर्देश
बस्ती, 03 अगस्त 2026।
जनपद बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली दलित महिला शकुन्तला देवी ने पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह से न्याय की गुहार लगाते हुए कथित रूप से कप्तानगंज के थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव तथा हल्का सिपाही पंकज सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि मारपीट और जातिसूचक गालियों के मामले में मुकदमा दर्ज करने के बजाय पुलिस ने उन पर समझौते का दबाव बनाया।
जमीन विवाद में मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, शकुन्तला देवी निवासी ग्राम करचोलिया ने करीब तीन वर्ष पहले अपने घर के पास जमीन खरीदी थी, जिस पर उन्होंने कब्जा कर सब्जी की खेती की। कथित रूप से आरोप है कि गांव के कुछ लोग उस जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
कैंसर पीड़ित पति और मासूम बच्चे को थाने में बैठाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 2 अगस्त 2026 को उन्हें थाना कप्तानगंज बुलाया गया, लेकिन उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय समझौता करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके कैंसर से पीड़ित पति संतोष कुमार तथा दो वर्षीय बच्चे को कई घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया। बार-बार दवा देने की बात कहने के बावजूद उन्हें नहीं छोड़ा गया और बाद में उनके विरुद्ध धारा 151 के तहत कार्रवाई कर दी गई।
थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों पर लगाए अन्य गंभीर आरोप
शिकायत में थाना कप्तानगंज की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाया गया है कि पीड़ितों को न्याय के लिए बार-बार थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं तथा शिकायतों के निस्तारण में अनियमितता बरती जाती है। शिकायत में थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की भी मांग की गई है।
एसपी ने जांच के दिए निर्देश
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
NGV PRAKASH NEWS