Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

टेम्पो में महिलाओं की चेन चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना गिरफ्तार, डेढ़ लाख की सोने की चेन और स्कॉर्पियो बरामद
बस्ती, 04 अगस्त 2026।
जनपद बस्ती की थाना छावनी पुलिस ने टेम्पो में सफर करने वाली महिलाओं के आभूषण चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की चोरी की गई सोने की चेन, ‘ॐ’ लिखा सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन तथा अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज और फास्टैग की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार थाना छावनी पर दर्ज मुकदमा संख्या 167/2026 के संबंध में वांछित चल रहे पंकज कुमार पुत्र हाकिम प्रसाद, निवासी ग्राम विश्वनाथपुर सेमरा, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर को मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे रामजानकी रोड स्थित रामरेखा मंदिर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के फास्टैग रिकॉर्ड की जांच की, जिसके आधार पर स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP53BD4124 और आरोपी की पहचान हुई।

टेम्पो में महिलाओं के बीच बैठकर चोरी करती थीं गैंग की सदस्य
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी गैंग की चार महिलाओं के साथ अलग-अलग जनपदों में स्कॉर्पियो से पहुंचता था। गैंग की महिलाएं टेम्पो और अन्य सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं के बीच बैठकर उनके गले से चेन और अन्य आभूषण चोरी कर लेती थीं। वारदात के बाद सभी सदस्य पहले से तय स्थान पर उतरकर स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने बताया कि गैंग में शामिल सुनीता देवी, सुलहरी, काजल और लाला उर्फ रीना को इसी तरह की एक अन्य घटना में जनपद अमेठी के थाना जगदीशपुर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
अयोध्या जाते समय हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक थाना छावनी क्षेत्र के विक्रमजोत टेम्पो स्टैंड से अयोध्या जा रही सुनीता सिंह, निवासी उदयपुर के गले से टेम्पो में बैठी चार महिलाओं ने सोने की चेन और लॉकेट चोरी कर लिया था। इसके बाद आरोपी महिलाएं सरयू नदी पुल से पहले उतरकर पहले से खड़ी स्कॉर्पियो में बैठकर अयोध्या की ओर फरार हो गई थीं। पीड़िता की तहरीर पर थाना छावनी में मुकदमा दर्ज कर दो पुलिस टीमों को घटना के खुलासे में लगाया गया था।
सोने की चेन, लॉकेट और स्कॉर्पियो बरामद
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई सोने की चेन, ‘ॐ’ लिखा सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, ड्राइविंग लाइसेंस, निर्वाचन पहचान पत्र और 510 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर, अमेठी और बस्ती जनपद में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में मिली सफलता
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सभाजीत मिश्रा, उपनिरीक्षक सूर्यभान शर्मा, हेड कांस्टेबल रविप्रताप सिंह, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, कांस्टेबल शिल्लू जायसवाल तथा कांस्टेबल राजीव रंजन की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
NGV PRAKASH NEWS