आग लगने की अफवाह से ट्रेन से कूदे लोग,दूसरी ट्रेन के चपेट में आकर चार की मौत और…….

NGV PRAKASH NEWS

मोबाइल फटने की अफवाह से मची भगदड़, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 यात्रियों की मौत

मुरैना, 14 जून 2026.
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में चार यात्रियों की जान चली गई। हादसा सरायछौला थाना क्षेत्र के हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास उस समय हुआ, जब खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल फोन फटने और आग लगने की अफवाह फैल गई। अफवाह के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और घबराए यात्रियों ने जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार शाम लगभग 4:15 बजे हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर गुजर रही थी। इसी दौरान जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग कर दी गई, जिससे ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोच में मोबाइल फोन फटने और आग लगने की चर्चा फैलने से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

घबराए यात्री ट्रेन से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगे। इस दौरान कुछ लोग समीपवर्ती रेलवे लाइन पर पहुंच गए। तभी आगरा की ओर से मुरैना जा रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आफरीन (35) पत्नी नदीम खान निवासी सुल्तानगंज की पुलिया, आगरा, उनके चार वर्षीय पुत्र असद खान, शकुंतला (60) पत्नी भूरी सिंह परमार निवासी रुनकता, आगरा तथा विरमा देवी (60) पत्नी गिरधारी गिरी निवासी गेसोरा, जिला बीकानेर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। रेलवे प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि हादसे के कारणों और पूरी परिस्थितियों की विस्तृत जांच कराई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि किसी वास्तविक आग की पुष्टि नहीं हुई थी, बल्कि मोबाइल फटने की आशंका और उससे जुड़ी अफवाह के कारण यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हुई, जिसने इस दुखद हादसे का रूप ले लिया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *