NGV PRAKASH NEWS

कांवड़ मेले से पहले भदेश्वर नाथ मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला गरमाया, प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
बस्ती, 06 अगस्त 2026। श्रावण मास और आगामी कांवड़ मेले से पहले बस्ती जिले के राजस्व ग्राम भदेश्वर नाथ स्थित प्रसिद्ध बाबा भदेश्वर नाथ धाम मंदिर की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंदिर से जुड़े ग्रामीणों और हिस्सेदारों ने प्रशासन को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
मंदिर की भूमि पर कब्जे का आरोप
गांव निवासी राकेश गिरि सहित अन्य ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि बाबा भदेश्वर नाथ मंदिर की देखरेख सैकड़ों वर्षों से गांव के गोस्वामी परिवार द्वारा वंशानुगत हिस्सेदारी के आधार पर की जाती रही है। परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष श्रावण मास और कांवड़ मेले की व्यवस्थाएं संबंधित पट्टी के हिस्सेदारों द्वारा संभाली जाती हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मंदिर की अधिकांश भूमि पर कुछ हिस्सेदारों ने कथित रूप से जबरन कब्जा कर लिया है, जिससे अन्य वैध हिस्सेदारों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान नहीं किया गया तो कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं पर भी इसका असर पड़ सकता है।
जांच और विधिक कार्रवाई की मांग
राकेश गिरि ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए, मंदिर की भूमि से कथित अवैध कब्जा हटवाया जाए तथा सभी वैध हिस्सेदारों को उनका अधिकार दिलाने के लिए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए।
शिकायत में शामिल रहे ये लोग
इस शिकायती पत्र पर मंदिर समिति अध्यक्ष राजेश गिरि, कोषाध्यक्ष कृष्णदेव गिरि, नीरज गिरि, अभिषेक, आदित्य गिरि, धर्मेंद्र गिरि, सुबोध गिरि, अनिल, अजय गिरि, भीम गिरि, सुधीर गिरि, कृष्णदेव पुरी, राज गिरि, विकास पुरी सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायतकर्ताओं को उम्मीद है कि कांवड़ मेले से पहले विवाद का समाधान कर मंदिर परिसर की व्यवस्था सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

