
Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS
कांवड़ यात्रा में गांजा खपाने की साजिश नाकाम, कप्तानगंज पुलिस ने 3.100 किलो गांजा के साथ तस्कर को दबोचा
बस्ती, 06 अगस्त 2026। जनपद बस्ती की कप्तानगंज पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान नशे की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 3 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा, 970 रुपये नकद, एक एटीएम कार्ड तथा टोयोटा इटियोस लीवा कार (UP 32 DW 9736) बरामद की है। बरामद कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम फरेंदा सेंगर बगीचे के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरैया की ओर से एक व्यक्ति कार में गांजा लेकर नारायणपुर तिवारी मोड़ होते हुए भुड़कुलगंज बाजार की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की।
भागने की कोशिश नाकाम, कार की तलाशी में मिला गांजा
कुछ ही देर बाद संदिग्ध टोयोटा इटियोस कार भैरोपुर गांव के आगे दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम मनोज कुमार त्रिपाठी (33 वर्ष) पुत्र शिव प्रसाद त्रिपाठी निवासी सरैंया मिश्र, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती बताया। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी से प्लास्टिक की थैली और कागज की पुड़ियों में रखा 3.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
कांवड़ यात्रा में बेचने की थी तैयारी
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कांवड़ यात्रा के दौरान गांजा बेचने के उद्देश्य से इसे लेकर जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि रास्ते में कुछ गांजा छोटी-छोटी पुड़ियों में बेच चुका था, जबकि शेष मात्रा कार की डिग्गी में रखी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। वहीं तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इटियोस कार को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मनोज कुमार त्रिपाठी के विरुद्ध पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, आपराधिक विश्वासघात, सड़क दुर्घटना, एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मु. इस्लाम खान, अनिल कुमार त्रिपाठी, वीरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह, गणेश सिंह सहित कप्तानगंज थाने की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
NGV PRAKASH NEWS