Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

श्रावण मास में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह ने लिया जायजा, कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग भी परखी
कासगंज, 08 अगस्त 2026।
श्रावण मास में आयोजित पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह ने शुक्रवार को जनपद के कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सोरों गेट, मोहनपुरा, एटा बॉर्डर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
कांवड़ियों से संवाद कर लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने यात्रा पर जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा, यात्रा व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कंट्रोल रूम में सीसीटीवी मॉनिटरिंग की जांच
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां स्थापित सीसीटीवी कैमरों, निगरानी प्रणाली और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने ड्यूटीरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ शालीन, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, सतर्कता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार का व्यवधान न होने देने तथा आमजन को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज जगदीश चन्द्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS