Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने किया रात्रिकालीन निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखी
बस्ती, 08 अगस्त 2026 (सू. वि.)।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने शनिवार रात्रि जनपद के प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अयोध्या-बस्ती-गोंडा बॉर्डर स्थित लोलपुर फ्लाईओवर, भद्रेश्वरनाथ धाम, अमहट एवं फुटहिया क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, संबंधित उपजिलाधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
भद्रेश्वरनाथ धाम में भीड़ प्रबंधन की समीक्षा
जिलाधिकारी ने भद्रेश्वरनाथ मंदिर परिसर में संभावित श्रद्धालु एवं कांवड़ियों की भीड़ के दृष्टिगत प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग तथा कतार प्रबंधन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए और व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी बनी रहें।
लोलपुर फ्लाईओवर से फुटहिया तक यातायात व्यवस्था परखी
लोलपुर फ्लाईओवर, अमहट एवं फुटहिया क्षेत्र में जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था और डायवर्जन प्लान की समीक्षा की। इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था को भी परखा गया।
रात में रोशनी, सफाई और पेयजल की रहे पर्याप्त व्यवस्था
जिलाधिकारी ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों को लगातार क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि रात्रि के समय कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मेडिकल कैंप और एंबुलेंस को अलर्ट रखने के निर्देश
आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे मेडिकल कैंप, पर्याप्त एंबुलेंस तथा अग्निशमन टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी रूप से संचालित की जाएं।
NGV PRAKASH NEWS