कांवड़ यात्रा के दौरान दो दर्दनाक हादसे, सेवादार और कांवड़िए की मौत…….

NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में कांवड़ यात्रा के दौरान दो दर्दनाक हादसे, सेवादार और कांवड़िए की मौत; एक गंभीर घायल

बस्ती, 09 अगस्त 2026।

कांवड़ यात्रा के दौरान बस्ती में शनिवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक सेवादार और एक कांवड़िए की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसों के बाद कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

सड़क पार कर रहे सेवादार को अज्ञात वाहन ने कुचला

छावनी थाना क्षेत्र के रमघटिया गांव के पास सड़क पार कर रहे सेवादार राम अवतार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छावनी थाना क्षेत्र के अतरौरा झाम गांव के निवासी बताए गए हैं।

राम अवतार साहनी सेवा ट्रस्ट से जुड़कर कांवड़ियों की सेवा में सहयोग कर रहे थे। वह कांवड़ियों के लिए लगाए गए शिविर में जलपान सहित अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय वह हादसे का शिकार हो गए।

कांवड़िए को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

वहीं, छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत स्थित अवधेश सिंह ढाबे के पास शनिवार देर रात एक अन्य दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अयोध्या से सरयू जल भरकर बस्ती लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे में शामिल एक युवक ट्रॉली से उतरकर दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।

हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के महसो गांव निवासी हरिओम सोनी पुत्र स्वर्गीय योगेंद्र सोनी के रूप में हुई है।

कांवड़ियों के जत्थे में मचा हड़कंप

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कांवड़ियों ने घायल को उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की। घटना के बाद कांवड़ियों के जत्थे में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों घटनाओं ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *