👉बीजेपी के मंत्री केवल नाम का करते हैं प्रेस कांफ्रेस..
👉 केवल चुनाव के समय बीजेपी को याद आता चौथा स्तम्भ


बस्ती, 25 सितंबर 2025
Gyan Prakash Dubey की रिपोर्ट..
जनपद बस्ती में उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री आशीष पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और सभी महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, भ्रष्टाचार या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि:
- विद्युत विभाग नवरात्रि पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे।
- पीडब्ल्यूडी जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई तेज करे।
- पशुपालन विभाग गौशालाओं में पर्याप्त भूसा, हरा चारा और पानी की व्यवस्था करे तथा सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए।
- विकास कार्य धनाभाव के कारण अधूरे न रहें, इसके लिए जिलाधिकारी शासन को बजट आवंटन का प्रस्ताव भेजें।
- राजस्व विभाग लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करे।
मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी परियोजना के पूर्ण होने पर उन्हें सूचित किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, पीएम कुसुम, मनरेगा, नमामि गंगे, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, पेंशन योजनाएं, कन्या सुमंगला, शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त आयोग योजनाओं और सड़क निर्माण की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई।
कानून-व्यवस्था पर चर्चा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी विवादों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और अफवाहों व चोरी जैसी घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जाए।
👉 यहां गौरतलब है कि पत्रकारों को प्रेस कांफ्रेस के लिये बुलाया जाता है और 5 मिनट का समय भी ठीक से नहीं देते | चाहे वह आज प्रभारी मंत्री द्वारा हो, चाहे वह उप मुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा दिया गये प्रेस कांफ्रेस हो |
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, अपना दल (एस) के जिला अध्यक्ष राजमणि पटेल, विभिन्न विधायक प्रतिनिधि, एमएलसी प्रतिनिधि, नगरपालिका प्रतिनिधि सहित जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम, एएसपी, सीएमओ, डीडीओ, डीएफओ, बीएसए सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राज मंगल चौधरी ने किया।
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने स्थानीय व्यापारियों के साथ संवाद किया और गांधीनगर बाजार में बचत उत्सव पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए रणनीतिक बदलाव किए हैं। नेक्स्ट-जेन जीएसटी सुधार अभियान आम जनमानस के लिए मील का पत्थर साबित होगा, जिससे रोजमर्रा की जरूरतों पर बचत होगी और जीवन सुगम बनेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, राज्य कर विभाग के उपायुक्त उपेंद्र यादव सहित व्यापारियों की उपस्थिति रही।
NGV PRAKASH NEWS
