मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, एंटी स्नेक वेनम और एंबुलेंस की उपलब्धता रहने का दिया निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, स्नेक वेनम और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

बस्ती | 24 अगस्त 2026

मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को तहसील हर्रैया अंतर्गत बाढ़ से घिरे सुविखा बाबू क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही राहत सामग्री तथा ग्रामीणों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मंडलायुक्त ने प्रभावित क्षेत्र में आवागमन एवं राहत कार्यों के लिए की गई नाव और कटान व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि आवश्यकता के अनुसार प्रभावित गांवों में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सर्पदंश की स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने क्षेत्र में एंबुलेंस उपलब्ध रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए आवश्यक दवाओं की चेकलिस्ट तैयार करने और स्वच्छ पेयजल के लिए क्लोरीन की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन बाढ़ से जुड़ी सूचनाओं से अवगत कराने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही राहत सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि प्रभावित परिवारों को राशन किट मिल रही है या नहीं। ग्रामीणों ने राशन किट मिलने की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र एवं प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचती रहे और कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत से वंचित न रहे।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में नाव से बच्चों के आवागमन के दौरान प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाने तथा बच्चों की सुरक्षित आवाजाही की निगरानी के लिए संबंधित लेखपालों की ड्यूटी लगाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, संजय शुक्ला, क्षेत्रीय लेखपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *