ड्यूटी से गायब चार पुलिसकर्मी को पुलिस अधीक्षक ने किया निलंबित…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

ड्यूटी से गायब मिले चार पुलिसकर्मी निलंबित, तीन का निलंबन निरस्त

संतकबीरनगर, 3 सितंबर 2026।

ड्यूटी के दौरान लापरवाही और कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता बरतने पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने थाना दुधारा के चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी अनिल लाल, मुख्य आरक्षी राघवेन्द्र सिंह, आरक्षी भीम कुमार और आरक्षी अवनीश पटेल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के बस्ती आगमन और भ्रमण के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पॉलिटेक्निक चौराहा, बस्ती में लगाई गई थी। इस दौरान 31 अगस्त/1 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सइदेईया और परसाजाफर (सइदेईया कट) के पास वाहनों के विपरीत दिशा से आने के कारण जाम की स्थिति बन गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

मामले की जांच में पॉलिटेक्निक चौराहे पर डायवर्जन ड्यूटी में लगाए गए कुछ पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति सामने आई। बस्ती के प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वारा भेजी गई आख्या के आधार पर संतकबीरनगर पुलिस ने कार्रवाई की।

ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी अनिल लाल, मुख्य आरक्षी राघवेन्द्र सिंह, आरक्षी भीम कुमार और आरक्षी अवनीश पटेल शामिल हैं। इनमें कुछ पुलिसकर्मी दूसरे कर्मचारियों के स्थान पर ड्यूटी के लिए भेजे गए थे।

पुलिस अधीक्षक ने चारों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दंड एवं अपील) नियमावली, 1991 के नियम 17(1)(क) के तहत निलंबित किया है। निलंबन अवधि में चारों का संबद्धीकरण पुलिस लाइन संतकबीरनगर में रहेगा। बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

वहीं, इसी प्रकरण में पूर्व में निलंबित किए गए मुख्य आरक्षी प्रदीप सिंह विशेन, आरक्षी रंजन कुमार राजभर और आरक्षी दुर्गेश कुमार यादव का निलंबन निरस्त कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा स्वेच्छाचारिता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *