NGV PRAKASH NEWS

मेरठ में नकली ब्रांडेड सिगरेट फैक्टरी का भंडाफोड़, भारी मात्रा में माल और मशीनें बरामद
मेरठ, 4 सितंबर 2026।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सिगरेट कंपनी के मैनेजर की सूचना पर छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित हो रही नकली ब्रांडेड सिगरेट फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार और अधबनी नकली सिगरेट के साथ कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और सिगरेट बनाने वाली मशीनें बरामद की हैं। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बताया गया कि बाजार में नकली सिगरेट की बिक्री के चलते संबंधित कंपनी की बिक्री प्रभावित हो रही थी। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने गोपनीय स्तर पर जांच कराई। करीब एक माह पहले हुई जांच में हस्तिनापुर के खादर क्षेत्र में नकली सिगरेट तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कंपनी के मैनेजर ने मेरठ पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने सूचना के आधार पर टीम गठित की और कंपनी के मैनेजर को साथ लेकर हस्तिनापुर क्षेत्र के दूधली गांव में सरकारी गौशाला के पास स्थित एक भवन में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां नकली ब्रांडेड सिगरेट तैयार करने का काम चलता मिला। पुलिस ने मौके से तैयार एवं अधबनी सिगरेट, सिगरेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद कीं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह अवैध फैक्टरी दिल्ली निवासी रवि नाम के व्यक्ति की बताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के आधार पर फैक्टरी के वास्तविक संचालक और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नकली सिगरेट का निर्माण कहां-कहां किया जाता था और तैयार माल की सप्लाई किन इलाकों में की जा रही थी। इस अवैध नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी छानबीन जारी है। बरामद सामान और तैयार नकली सिगरेट की कुल कीमत का आकलन जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
पुलिस भवन के संचालन, सिगरेट की सप्लाई और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।
NGV PRAKASH NEWS