अवैध पटाखों की दुकानों पर पुलिस की सतर्क नजर,62 किलो अवैध पटाखे बरामद…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

डेकोरेशन की दुकान की आड़ में असुरक्षित तरीके से रखे 62.3 किलो अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

संतकबीरनगर, 6 सितंबर। त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बरदहिया बाजार में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने डेकोरेशन की दुकान की आड़ में भीड़भाड़ वाले रिहायशी इलाके में असुरक्षित तरीके से रखे गए 62 किलो 300 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। मामले में दुकान संचालक संजय को गिरफ्तार किया गया, हालांकि अपराध जमानतीय होने के कारण बाद में उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बरदहिया बाजार स्थित सब्जी मंडी रोड पर संजय बैलून डेकोरेशन एंड सजावट केन्द्र के बगल में बने गोदाम/कमरे की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान सात गत्तों में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने दुकान मालिक संजय पुत्र दरगाही प्रसाद से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध अनुमति, लाइसेंस तथा अन्य दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। नजदीकी दुकान से इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगाकर पटाखों का वजन कराया गया, जो कुल 62 किलो 300 ग्राम निकला।

पुलिस का कहना है कि पटाखों को भीड़भाड़ वाले रिहायशी क्षेत्र में असुरक्षित और लापरवाहीपूर्वक तरीके से भंडारित किया गया था। बरामदगी की नियमानुसार फोटोग्राफी भी कराई गई। मामले में थाना कोतवाली खलीलाबाद पर मु0अ0सं0 824/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

हरिहरपुर में पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण

उधर, त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए महुली पुलिस ने कस्बा हरिहरपुर में लाइसेंस प्राप्त पटाखा दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्येड के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकानों को खुलवाकर पटाखों और अन्य सामग्री की बारीकी से जांच की तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत विस्फोटक पटाखा नहीं मिला। पुलिस ने दुकानदारों को लाइसेंस में निर्धारित शर्तों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। पटाखों का निर्धारित सीमा और सुरक्षित स्थान पर ही भंडारण एवं बिक्री करने, दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने तथा अग्निसुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय अपनाने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध पटाखों के भंडारण या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। महुली पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार भ्रमण, चेकिंग और निगरानी जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *