NGV PRAKASH NEWS

नदिया सीमा पर बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 17.40 करोड़ के सोने के 89 बिस्कुट बरामद
कोलकाता 6 सितम्बर 2026।
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 17.40 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के 89 बिस्कुट बरामद किए गए हैं। बरामद सोने का कुल वजन 11.28 किलोग्राम से अधिक बताया गया है।
बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई 5 सितंबर की शाम नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास हलदरपाड़ा सीमा चौकी क्षेत्र में की गई। 32वीं बटालियन के जवान नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर जवानों ने एक बांग्लादेशी नागरिक को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से सोने के 89 बिस्कुट बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोने को बांग्लादेश की ओर से तस्करी कर भारत लाया गया था। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 17.40 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
बीएसएफ ने पकड़े गए आरोपी और जब्त सोने को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों को सौंप दिया है। अब डीआरआई आरोपी से पूछताछ कर सोने की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके पीछे शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगा।
बीएसएफ के अनुसार, भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमों की तैनाती के साथ निगरानी लगातार बढ़ाई गई है। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की टीमों ने अगस्त 2023 से अब तक 120 किलोग्राम से अधिक सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
NGV PRAKASH NEWS