Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पत्नी की गैर इरादतन हत्या का 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, एक साल से चल रहा था फरार
बस्ती, 07 सितंबर 2026।
दुबौलिया थाना पुलिस ने पत्नी की गैर इरादतन हत्या के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजकुमार चौहान उर्फ पाड़े को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे सोमवार को विशेषरगंज बाजार में साड़पुर की ओर जाने वाले तिराहे से सुबह करीब 9:45 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सुबरहा निवासी राजकुमार चौहान के खिलाफ थाना दुबौलिया में मु0अ0सं0 123/2025 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि 14 जून 2025 की रात विवाद के दौरान उसने अपनी पत्नी पर लकड़ी की पटिया से प्रहार किया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, मामले की सूचना मृतका की 18 वर्षीय पुत्री सोनाली द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर 20 जून 2025 को मुकदमा दर्ज कराई गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। फरार रहने के कारण 28 अक्टूबर 2025 को न्यायालय से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद 14 जनवरी 2026 को धारा 84 बीएनएसएस के तहत आदेशिका प्राप्त कर कार्रवाई की गई। लगातार फरार रहने पर 06 जून 2026 को न्यायालय से धारा 85 बीएनएसएस के तहत आदेशिका प्राप्त कर आरोपी के घर की कुर्की की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 11 जून 2026 को मफरुरी में चालान/आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका था। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 14 जून 2025 की रात पत्नी से बहस हो गई थी। इसी दौरान उसने लकड़ी की पटिया से प्रहार किया, जिससे पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से वह फरार हो गया और पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी बढ़ाकर इधर-उधर छिपता रहा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना दुबौलिया में मु0अ0सं0 123/2025 धारा 105 बीएनएस तथा मु0अ0सं0 88/2026 धारा 209 बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दुबौलिया जीवन त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरुण कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अजय कुमार पांडेय तथा कांस्टेबल संजीव यादव, अभिषेक यादव, हरेन्द्र यादव और चन्द्रपाल सिंह शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS