कल इन पांच राज्यों में होगी आफत की बरसात, भारी बारिश और बिजली की गिरने का अलर्ट…….

NGV PRAKASH NEWS

नॉर्थ इंडिया में मौसम का डबल अटैक! 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 3 सिस्टम एक साथ एक्टिव

नई दिल्ली, 07 सितंबर 2026।

उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 9 सितंबर तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पूर्वी राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

यूपी में 38 सेंटीमीटर बारिश से हड़कंप

पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में 38 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो बेहद भारी बारिश की श्रेणी में आती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के महसी (बहराइच) में 18 सेंटीमीटर, उत्तराखंड के गूलरभोज में 15 सेंटीमीटर और बिहार के लौकही (मधुबनी) में 12 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

दिल्ली-NCR और हरियाणा में भी बारिश के आसार

IMD के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 7 से 10 सितंबर के बीच तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद 11 से 13 सितंबर के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।

एक साथ तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में इस समय कई मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं। दक्षिण-पश्चिम से आया कम दबाव का क्षेत्र अब मध्य उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय है, जिसके कारण चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

इसके अलावा दक्षिण गुजरात से मध्य उत्तर प्रदेश तक ट्रफ रेखा बनी हुई है। वहीं मध्य क्षोभमंडलीय स्तर पर कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी सक्रिय है। इन तीनों प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

दक्षिण भारत में फिलहाल राहत

IMD के अनुसार, दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में अगले 6-7 दिनों तक बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है। हालांकि केरल और माहे में 7 से 9 सितंबर के बीच उमस और गर्मी परेशान कर सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *