इंटरसेप्टर से यातायात पुलिस का चाबुक,ओवरस्पीड वाहनों के ऑनलाइन चालान…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

इंटरसेप्टर से यातायात पुलिस का चाबुक, ओवरस्पीड वाहनों के ऑनलाइन चालान से तेज रफ्तार पर लगेगी लगाम

बस्ती, उत्तर प्रदेश, 09 सितंबर 2026।

जनपद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में हाईवे पर इंटरसेप्टर मशीन के जरिए तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी कर ऑनलाइन ई-चालान किए गए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप यादव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी की टीम ने हाईवे पर इंटरसेप्टर मशीन से वाहनों की गति की जांच की।

यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने स्वयं अभियान की कमान संभालते हुए इंटरसेप्टर कैमरे के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों को चिन्हित किया। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चल रहे कार, बाइक और भारी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार ई-चालान की कार्रवाई की गई।

500 मीटर दूर से कैप्चर होती है वाहन की स्पीड

यातायात प्रभारी ने बताया कि इंटरसेप्टर मशीन करीब 500 मीटर दूर से ही वाहन की गति को कैप्चर कर सकती है। इसके साथ वाहन का फोटो और वीडियो साक्ष्य भी रिकॉर्ड होता है, जिसके आधार पर ऑनलाइन चालान जनरेट किया जाता है।

उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग सड़क हादसों का प्रमुख कारण है। लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ अब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती भी की जा रही है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे और हाईवे पर ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *