डीआईजी संजीव त्यागी नें बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरिक्षण…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

डीआईजी संजीव त्यागी ने किया थाना छावनी का आकस्मिक निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी लिया जायजा

बस्ती, 10 सितंबर 2026।

पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक बस्ती यशवीर सिंह के साथ थाना छावनी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लेने के साथ ही जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों के कार्यों की व्यापक समीक्षा की। इसके बाद डीआईजी ने बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर पुलिस की तैयारियों को भी परखा।

थाना छावनी के निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदी गृह, मिशन शक्ति केंद्र, आगंतुक कक्ष और थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों की जांच करते हुए सभी प्रविष्टियों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना कार्यालय एवं परिसर में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए।

डीआईजी ने थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती, लावारिस एवं अन्य वाहनों का ऑपरेशन क्लीन के तहत नियमानुसार निस्तारण कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कार्यों में लापरवाही से बचते हुए कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीआईजी ने जनपद के क्षेत्राधिकारियों के साथ पुलिसिंग एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय, संवेदनशील एवं उत्तरदायी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित गश्त बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं वैधानिक कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया।

समीक्षा के दौरान विवेचनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई कराने तथा मिशन शक्ति केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।

निरीक्षण के अगले चरण में संजीव त्यागी ने बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय भ्रमण किया। उन्होंने काशीपुर-कटरिया तटबंध का भी निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आपदा की स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती, क्षेत्राधिकारी सदर, हर्रैया, कलवारी एवं रुधौली, प्रभारी निरीक्षक छावनी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *