मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार :चोरी का माल भी बरामद…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मंदिर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; दानपात्र, 31 घंटे-घंटियां और नकदी बरामद

बस्ती, 11 सितंबर 2026।

हरैया थाना क्षेत्र के कोहले समय माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का हरैया पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो दानपात्र, पीली धातु के पांच लोटे, 31 घंटे-घंटियां तथा कुल 2,342 रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि, कोहले समय माता मंदिर में चोरी के संबंध में थाना हरैया में मु0अ0सं0-253/2026, धारा 305(D) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले का खुलासा करने हेतु पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थी | विवेचना के दौरान 10 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम एसबी एकेडमी, थाना खास के उत्तर दिशा में स्थित निर्माणाधीन मकान के पश्चिम तरफ गड्ढे के पास पहुंची। पुलिस को देखकर तीन संदिग्ध व्यक्ति चोरी का सामान मौके पर छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए दो आरोपियों को रात करीब 11:45 बजे गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित शर्मा पुत्र काली प्रसाद शर्मा, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी एकडंगी थाना हरैया तथा सुबाष गिरी पुत्र रामदेव, उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी थाना खास (गोसाई पुरवा), थाना हरैया के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो दानपात्र, तीन बड़े और दो छोटे पीली धातु के लोटे बरामद किए। इसके अलावा एक बड़ा घंटा, जिसका वजन 11 किलो 550 ग्राम, आठ मध्यम आकार के घंटे, जिनका कुल वजन 6 किलो 200 ग्राम, तथा 22 छोटी घंटियां, जिनका कुल वजन 5 किलो 300 ग्राम बताया गया है। साथ ही दानपात्र से निकाले गए 1,342 रुपये और आरोपियों के पास से 1,000 रुपये नकद भी बरामद हुए।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 2 सितंबर 2026 को कोहले समय माता मंदिर से दानपात्र और कुछ तांबे के लोटे चोरी किए थे, जिन्हें एकडंगी गांव के पंचायत भवन के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था। 10 सितंबर को वे चोरी के सामान का आपस में बंटवारा करने के लिए पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने यह भी बताया कि उनके साथ चोरी में शामिल मुख्य सरगना मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने कई मंदिरों से घंटियां चोरी किए जाने की बात भी बताई। उनके कथन के अनुसार बरामद दो दानपात्र कोहले समय माता मंदिर से चोरी किए गए थे, जबकि एक बड़ा घंटा थानेश्वर मंदिर से चोरी किया गया था। शेष घंटियां कुश गिरी नामक व्यक्ति द्वारा अलग-अलग मंदिरों से चोरी कर लाए जाने की बात आरोपियों ने बताई। साथ ही आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि मंदिर से चोरी किए गए करीब 20 लोटे राहगीरों और हाईवे पर गुजरने वाले ट्रक चालकों को बेच दिए गए थे। इनसे मिले पैसों में खर्च के बाद बची रकम में से 2,342 रुपये बरामद हुए।

चोरी की इस घटना के खुलासे और गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक हरैया संजय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल वरुण राय, कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक कामेश्वर मिश्रा, कांस्टेबल अभिषेक वर्मा, कांस्टेबल आर्यप्रताप सिंह तथा वाहन चालक हेड कांस्टेबल दीपराज यादव की भूमिका रही।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूछताछ में सामने आए मंदिरों से चोरी के अन्य मामलों और बरामद घंटों-घंटियों के स्रोत की भी जांच कर रही है। मामले में आवश्यक अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *