ऑपरेशन क्रैक डाउन : गोकशी का आरोपी पुलिस मुड़भेड़ में गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

गौकशी के वांछित अभियुक्त को धनघटा पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

संतकबीरनगर, 13 सितंबर 2026।

अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन क्रैक डाउन के तहत थाना धनघटा पुलिस और एसओजी टीम ने गौकशी के मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला चिकित्सालय खलीलाबाद में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना धनघटा क्षेत्र में 10 सितंबर 2026 की रात बछड़े की चोरी कर उसका वध किए जाने के मामले में महबूब पुत्र नूर हसन उर्फ ढिमल, निवासी मैली, थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर वांछित चल रहा था। रविवार, 13 सितंबर को पुलिस को उसकी मौजूदगी के संबंध में विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर थाना धनघटा पुलिस और एसओजी टीम ने ग्रामसभा खाजो पूरवा मैली स्थित कुआनो नदी के पास उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि टीम ने अभियुक्त को आत्मसमर्पण करने के लिए बार-बार चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें महबूब के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय खलीलाबाद पहुंचाया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक मिस कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना धनघटा में मु0अ0सं0 642/2026 के तहत धारा 109(1), 352, 351(3) बीएनएस तथा धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, अभियुक्त के खिलाफ पहले से थाना धनघटा में मु0अ0सं0 640/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस, 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम और 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार महबूब ने बताया कि 10 सितंबर की रात उसने अपने साथी जहूर और सद्दाम के साथ मिलकर एक बछड़े की चोरी की थी। चोरी किए गए बछड़े का वध करने के बाद उसका मांस जहूर के घर पर रखा गया था, जबकि अवशेषों को नदी में बहा दिया गया था। घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह इधर-उधर छिपकर रह रहा था। 13 सितंबर को घर की ओर आने के दौरान पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, जिस पर पकड़े जाने के डर से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

घायल अभियुक्त के उपचार की स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने जिला चिकित्सालय खलीलाबाद पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना धनघटा अजय कुमार सिंह, निरीक्षक अधिकारी रामेश्वर यादव, चौकी प्रभारी लोहरैया उपनिरीक्षक मुकेश कुमार गुप्ता, कांस्टेबल रविन्द्र निषाद, सलमान अंसारी और जितेन्द्र यादव शामिल रहे। एसओजी टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश राय, हेड कांस्टेबल अनुप कुमार राय तथा कांस्टेबल दीपक सिंह, अभिषेक सिंह, सर्वेश मिश्रा, विवेक राय और शुभम सिंह शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *