NGV PRAKASH NEWS


गुजरात में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का भंडाफोड़, 15 से अधिक शादियों में 52 लाख की ठगी का खुलासा
महेसाणा, 22 नवंबर 2025
गुजरात के महेसाणा जिले में एक ऐसे संगठित ठगी गैंग का पर्दाफाश हुआ है, जिसने शादी को ही अपराध का हथियार बना रखा था। पुलिस ने इस गैंग की प्रमुख सदस्या चांदनी राठौड़ सहित कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह शादी का झांसा देकर युवकों से लाखों रुपए और गहने हड़प लेता था और कुछ ही दिनों के भीतर पूरी टीम फरार हो जाती थी। विरोध होने पर दूल्हों को रेप केस में फंसाने की धमकी दी जाती थी।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का संचालित तरीका बेहद शातिर था। चांदनी राठौड़ ने अकेले 15 से अधिक युवकों से शादी की, जबकि अन्य आरोपित रश्मिका और सोनल उर्फ रिंकल ने भी कई बार नकली दुल्हन बनकर विवाह रचाए। प्रत्येक शादी में 2 से 5 लाख रुपए और कीमती गहने लिए जाते थे। शादी के दो से चार दिन बाद “आपातकाल” का नाटक रचा जाता था और कोई रिश्तेदार बनकर दुल्हन को अचानक ले जाता था। इसके बाद फोन बंद और पूरी गैंग गायब।
गिरोह का राज उस समय खुला जब आदिवाडा गांव के एक युवक ने बेचराजी थाने में शिकायत की। युवक ने अगस्त में अहमदाबाद की चांदनी से 5 लाख रुपए और गहने देकर शादी की थी, लेकिन चार दिन बाद ही एक व्यक्ति खुद को चांदनी का जीजा बताते हुए उसे पिता की बीमारी का बहाना बनाकर ले गया। इसके बाद फोन बंद मिला और युवक को ठगी का एहसास हुआ। इसी पैटर्न की शिकायतें अन्य जिलों से भी सामने आईं, जिनके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस की जांच में पता चला कि चांदनी ने वाव, इडर, पाटन, बावला, अहमदाबाद, राजकोट और मोरबी सहित कई जिलों में अलग-अलग पहचान बनाकर 15 से ज्यादा शादियां कीं। अन्य आरोपितों में रश्मिका ने 4 शादियां की थीं और एक और शादी की तैयारी में थी, जबकि सोनल उर्फ रिंकल दो शादियां कर चुकी थी। दलाल राजेश शादी तय करवाने और सौदा कराने में शामिल था, जबकि चांदनी की मां सविताबेन भी इस नेटवर्क का हिस्सा थी।
अब तक की जांच में लगभग 52 लाख रुपए और गहनों की ठगी का खुलासा हुआ है। महेसाणा के SP हिमांशु सोलंकी ने बताया कि यह एक पूरी तरह संगठित गिरोह है, जो लंबे समय से विभिन्न जिलों में सक्रिय था। आरोपी महिलाएं नाम और पहचान बदलकर काम करती थीं, ताकि आसानी से पकड़ में न आएं। पुलिस ने कई जिलों से जानकारी साझा की है और शंका है कि इस नेटवर्क का दायरा और बड़ा हो सकता है।
गिरोह की सभी प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ के दौरान और खुलासों की उम्मीद है।
NGV PRAKASH NEWS




