Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

गणेश पूजा पंडाल में चोरी, चंदे के 10 हजार रुपये समेत डीजे-माइक और अन्य सामान गायब
बस्ती, 20 सितंबर 2026।
बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनकटा मिश्र में गणेश पूजा पंडाल में चोरी का मामला सामने आया है। पंडाल में रात के समय कार्यक्रम के बाद सो रहे लोगों को सुबह उठने पर चोरी की जानकारी हुई। चोर पूजा में इस्तेमाल होने वाले सामान, मोबाइल फोन और करीब 10 हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए।
रात 12 बजे तक चला कार्यक्रम, सुबह हुई चोरी की जानकारी
बताया गया कि गणेश पूजा पंडाल में रात करीब 12 बजे तक गाना-बजाना और पूजा कार्यक्रम चलता रहा। इसके बाद सत्यपाल मिश्रा और अमन मिश्रा समेत कुछ लोग पंडाल में ही सो गए। सुबह करीब 5 बजे आंख खुलने पर पंडाल से सामान गायब मिला।
पीड़ित आकाश मिश्रा ने नगर थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक चोरी हुए सामान में डीजे मशीन, मिक्सर, माइक, अन्य पूजा सामग्री, मोबाइल फोन और करीब 10 हजार रुपये की नगदी शामिल है।
ग्रामीणों ने पंचायत भवन की चाबी को लेकर उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही रामधनी, सुरेंद्र कुमार मिश्रा, सोनू मिश्रा, अमन मिश्रा, रामनवमी मिश्रा, रामकिशोर मिश्रा, प्रसिद्धनाथ मिश्रा, विनय गोपाल मिश्रा, ओमप्रकाश मिश्रा, संतोष कुमार मिश्रा, अमित कुमार मिश्रा और वैभव कुमार मिश्रा समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धर्म विशेष से जुड़े होने के कारण उन्हें पंचायत भवन की चाबी नहीं दी गई। उनका कहना है कि यदि पूजा का सामान पंचायत भवन में सुरक्षित रख दिया जाता तो चोरी की घटना से बचा जा सकता था। हालांकि प्रधान प्रतिनिधि जमीरुल हसन उर्फ लल्ला ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है।
आकाश मिश्रा के अनुसार, उन्होंने प्रधान से फोन पर पंचायत भवन की चाबी मांगी थी। उनका आरोप है कि प्रधान ने मूर्ति को अपने तबेले पर लाकर रखने और सुबह वहां से ले जाने की बात कही थी।
पंचायत भवन का कैमरा भी मिला टूटा
वहीं ग्राम पंचायत अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि पंचायत भवन सरकारी कार्य के लिए होता है। चाबी और इससे जुड़े अन्य मामले की जानकारी प्रधान को होने की बात उन्होंने कही।
मौके पर पंचायत भवन का कैमरा भी टूटा हुआ मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कैमरा चालू हालत में होता तो घटना से जुड़ी गतिविधियां रिकॉर्ड हो सकती थीं।
फिलहाल पुलिस से चोरी की घटना की जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
NGV PRAKASH NEWS