चेन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश: सामान सहित दो महिलाएं गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

ई-रिक्शा में महिला के झोले को कटर से काटकर चेन चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

संतकबीरनगर, 23 सितंबर 2026।

सोने की दुकान से महिला का पीछा कर वारदात को देती थीं अंजाम

संतकबीरनगर पुलिस ने महिला के झोले को काटकर सोने की चेन चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ताओं के कब्जे से पीली धातु की एक चेन, 500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, कटर, दो पर्स/बटुए और काले रंग का बैग बरामद किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने की।

पुलिस के मुताबिक दोनों अभियुक्ताओं को 23 सितंबर 2026 को कबीर मठ जाने वाली सड़क पर हाईवे रोड स्थित काले गेट के पास से गिरफ्तार किया गया।

गोला बाजार में महिला को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर 2026 को एक महिला ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर बताया था कि 20 सितंबर को वह गोला बाजार स्थित रजनीश सर्राफ की दुकान से चेन बनवाकर घर लौट रही थी। रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास वह ई-रिक्शा में बैठी। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाएं भी ई-रिक्शा में उसके पास आकर बैठ गईं।

आरोप है कि दोनों महिलाओं ने मौका पाकर ब्लेड/कटर से महिला के प्लास्टिक के झोले को काट दिया और उसमें रखी सोने की चेन निकाल ली। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु0अ0सं0 893/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ में सामने आया वारदात का तरीका

पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के थाना बोड़ा क्षेत्र की रहने वाली हैं और गोरखपुर, खलीलाबाद तथा बस्ती क्षेत्र में घूमकर बाजारों में सोने की दुकानों के आसपास ऐसी महिलाओं पर नजर रखती थीं, जो आभूषण खरीदकर बाहर निकलती थीं।

इसके बाद दोनों महिलाएं उनका पीछा करती थीं और महिला जिस टेंपो या ई-रिक्शा में बैठती थी, उसी में किसी तरह उसके पास बैठ जाती थीं। मौका मिलने पर कटर या ब्लेड से महिला के गले की चेन अथवा पर्स/झोले को काटकर उसमें रखे सामान को चोरी कर लेती थीं।

पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर को भी दोनों ने गोला बाजार खलीलाबाद में सोने की दुकान से निकलने वाली एक महिला को निशाना बनाया। महिला के ई-रिक्शा में बैठने के बाद दोनों उसके पास बैठ गईं और मौका पाकर उसके झोले को कटर से काटकर चेन एवं 500 रुपये निकाल लिए।

गिरफ्तार अभियुक्ताओं से यह सामान बरामद

गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान अंजली पत्नी शालू सिसोदिया तथा नगमा पत्नी विक्की सिसोदिया, दोनों निवासी कड़िया सासी, थाना बोड़ा, जनपद राजगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके कब्जे से:

  • 01 पीली धातु की चेन
  • 500 रुपये नकद
  • 02 मोबाइल फोन
  • 02 आधार कार्ड
  • 01 कटर
  • 02 पर्स/बटुए
  • 01 काले रंग का कपड़े का बैग

बरामद किया है।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

कोतवाली खलीलाबाद, एंटी थेफ्ट, सर्विलांस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना कोतवाली खलीलाबाद से उपनिरीक्षक देवव्रत शर्मा, कांस्टेबल आकाश यादव, कांस्टेबल मोहित और महिला कांस्टेबल मीना यादव शामिल रहीं।

एंटी थेफ्ट सेल से उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार यादव, कांस्टेबल वीर बहादुर यादव और कांस्टेबल अरुण कुमार, सर्विलांस सेल से कांस्टेबल नीतीश कुमार तथा साइबर थाना से कांस्टेबल सौरभ यादव शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *