गांधी-शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम, सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

गांधी-शास्त्री जयंती पर बस्ती में कार्यक्रम, सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

बस्ती, 2 अक्टूबर 2026.

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूरे जिले में समारोहपूर्वक मनाई गई। सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई। दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

🚨मंडलायुक्त कार्यालय में गांधी-शास्त्री को किया गया नमन

मंडलायुक्त कार्यालय में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और सभागार में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। उन्होंने दोनों महापुरुषों के सादगीपूर्ण जीवन और आदर्शों को याद करते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि दोनों महापुरुषों ने देश की कठिन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर कथनी और करनी में समानता रखने की बात कही।

अपर आयुक्त न्यायिक सुरेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि गांधी और शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर देशवासियों ने स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया। संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने कहा कि सत्य और अहिंसा गांधी जी के प्रमुख सिद्धांत थे और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में सरस्वती बालिका विद्यालय रामबाग की छात्राओं अर्पिता, अदिति और रक्षिता ने गांधी जी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। सुंदर प्रस्तुति के लिए छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

🚨कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने दिलाई एकता-अखंडता की शपथ

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने ध्वजारोहण किया। सामूहिक राष्ट्रगान के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया।

गोष्ठी में जिलाधिकारी ने सत्य, अहिंसा और सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में भी गांधी और शास्त्री के सिद्धांत प्रासंगिक हैं। उन्होंने अधिकारियों से आमजन की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा उच्च पद पर रहते हुए भी जीवन में सादगी बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि समाज में स्वच्छता, समानता और सौहार्द स्थापित करना ही गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। इसके बाद जिलाधिकारी गांधी कला भवन पहुंचीं और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर परिसर में आम का पौधा लगाया।

इस अवसर पर जीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार और उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *