
Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS
मंडल में गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस विभाग ने किया महापुरुषों को नमन, एकता-अखंडता की ली शपथ
बस्ती मंडल, 2 अक्टूबर 2026.
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बस्ती मंडल के तीनों जनपदों बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा की शपथ लेते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
🚨बस्ती में पुलिस लाइन में शपथ, दो पुलिसकर्मी उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित
बस्ती.
रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया तथा अपर राज्य रेडियो अधिकारी बस्ती, परिक्षेत्र बस्ती मोहन लाल की उपस्थिति में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, सद्भाव, भाईचारा, परिश्रम और सत्मार्ग के सिद्धांतों को जीवन एवं कर्तव्य में अपनाना चाहिए।
इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए दो मुख्य आरक्षियों को गृह मंत्रालय, भारत सरकार के उत्कृष्ट सेवा पदक के पदक-चिह्न से सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी हरैया कार्यालय तथा मुख्य आरक्षी ऋषिकेश मणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कलवारी कार्यालय शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भविष्य में भी इसी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर 09 अनुचरों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक बस्ती सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
🚨संतकबीरनगर में श्रद्धांजलि के बाद हुआ पौधरोपण
संतकबीरनगर.
पुलिस लाइन संतकबीरनगर में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गार्द द्वारा सलामी भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को सत्य, अहिंसा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। उन्होंने जाति एवं अन्य प्रकार के भेदभाव को समाप्त कर आपसी भाईचारा बढ़ाने, कमजोर वर्गों के उत्थान तथा महिलाओं के सम्मान और उन्नति के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पाण्डेय, सर्वदवन सिंह, अभयनाथ मिश्रा, अमित कुमार तथा प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी के निर्देशन में जनपद के सभी पुलिस कार्यालयों, थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों पर भी गांधी एवं शास्त्री जयंती मनाई गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मिष्ठान का वितरण भी किया गया।
🚨सिद्धार्थनगर में सभी थानों पर मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती
📍सिद्धार्थनगर में गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिसकर्मियों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन्स के क्वार्टर गार्द परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, संविधान और कानून के प्रति निष्ठा, नागरिकों की सुरक्षा तथा अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाने तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पुलिस विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
➡️ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और सलामी देकर नमन किया।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, सद्भाव, भाईचारा और परिश्रम के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली।
इस प्रकार गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर बस्ती मंडल के तीनों जनपदों में पुलिस विभाग द्वारा महापुरुषों के विचारों को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, कर्तव्यनिष्ठा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
NGV PRAKASH NEWS