दुग्ध व्यवसायी को बाइक सवार नें मारी टक्कर,हुये गंभीर रूप से घायल- हाईवे अथॉरिटी की लापरवाही से बन रहे दुर्घटना हब…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

नगर बाजार मेन रोड पर दुग्ध व्यवसायी को बाइक सवार ने मारी जोरदार टक्कर, गंभीर रूप से घायल

स्कूलों के बीच तेज रफ्तार का खतरा, न पीली पट्टी न स्पीड ब्रेकर—सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

नगर बाजार, बस्ती | 4 अक्टूबर 2026

📍नगर बाजार मेन रोड पर जनता इंटर कॉलेज की गली के पास रविवार को एक बाइक सवार युवक ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मदन यादव निवासी अठदमा, थाना नगर, बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गए। मदन यादव पराग दूध का व्यवसाय करते हैं और बताया जा रहा है कि वह अपनी दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मदन यादव को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।

🚨चार विद्यालयों के बीच सड़क सुरक्षा इंतजाम नाकाफी

नगर बाजार में हरनखा की तरफ जाने वाले मार्ग पर आसपास चार विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में यह मार्ग विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी बेहद संवेदनशील माना जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालयों और आबादी वाले हिस्से से गुजरने वाले इस मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए न तो पर्याप्त पीली पट्टी बनाई गई है और न ही जरूरी स्थानों पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया गया है। सड़क पर वाहन चालकों को सावधान करने वाले पर्याप्त संकेतक भी नजर नहीं आते।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और पैदल राहगीर आवागमन करते हैं तो उनकी सुरक्षा के लिए सड़क पर आवश्यक यातायात संकेत और गति नियंत्रण की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

🚨पोखरनी चौराहा भी बना दुर्घटना का संवेदनशील स्थान

इसी तरह नगर-कलवारी मार्ग पर स्थित पोखरनी चौराहा भी सड़क सुरक्षा व्यवस्था की कमी का उदाहरण बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार चौराहे पर न तो पर्याप्त यातायात संकेतक लगाए गए हैं और न ही पीली पट्टी अथवा स्पीड ब्रेकर की समुचित व्यवस्था है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यहां अक्सर दुर्घटनायें होती रहती हैं और इन दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जान गवा चुके हैं। कई बार लोग हादसों में चोटिल भी हो चुके हैं।

💥बार-बार मामला उठने के बाद भी नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी इन समस्याओं को कई बार संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा चुका है। इसके बावजूद हाईवे-30 के संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक पर्याप्त संकेतक, पीली पट्टी और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं की गई हैं।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि दुर्घटना होने के बाद व्यवस्था सक्रिय होने के बजाय पहले से चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं।

नगर बाजार मेन रोड पर विद्यालयों के आसपास और पोखरनी चौराहे जैसे संवेदनशील स्थानों पर यदि समय रहते स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक, रोड मार्किंग और पीली पट्टी जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी जाएं तो हादसों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अब स्थानीय लोगों ने संबंधित हाईवे प्राधिकरण और प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कराकर तत्काल आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *