Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

साइबर ठगी के 47 हजार पीड़ित के खाते में वापस, कोतवाली साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई
बस्ती, 8 अक्टूबर 2026
जनपद बस्ती में साइबर ठगी के एक मामले में थाना कोतवाली साइबर सेल पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की गई पूरी 47,000 की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी अंकुर उपाध्याय पुत्र देवमणी उपाध्याय के साथ साइबर ठगी कर ₹47,000 की धनराशि हड़प ली गई थी। मामले की शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर सेल थाना कोतवाली की टीम ने तत्काल विधिक एवं तकनीकी कार्रवाई शुरू की।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के दिशा-निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया के नेतृत्व में की गई।
बैंक से समन्वय कर ठगी की रकम कराई होल्ड
थाना प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह और साइबर सेल प्रभारी कृपा शंकर मौर्य के नेतृत्व में साइबर टीम में शामिल आरक्षी आदर्श सिंह और अजय कुमार पाठक ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर साइबर ठगी की धनराशि को समय रहते लीन/होल्ड कराया।
इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए साइबर ठगी की संपूर्ण ₹47,000 की धनराशि आवेदक के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
रकम वापस मिलने पर पीड़ित अंकुर उपाध्याय ने थाना कोतवाली पुलिस की साइबर सेल टीम के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
साइबर अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई
बस्ती पुलिस की साइबर सेल द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ ठगी के पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने और समय रहते बैंक व संबंधित साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की है।
NGV PRAKASH NEWS