मंडलायुक्त और डीआईजी ने दिए शांति एवं सुरक्षा के निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, मंडलायुक्त और डीआईजी ने दिए शांति एवं सुरक्षा के निर्देश

सिद्धार्थनगर, 8 अक्टूबर 2026

आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली एवं मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, सिद्धार्थनगर में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त बस्ती मंडल वैभव श्रीवास्तव और डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने प्रतिभाग किया।

बैठक में जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से संवाद कर आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।

धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील

बैठक में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि सभी लोग एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखें। किसी भी प्रकार की आपराधिक, अवांछित अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया।

अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी सूचना की पुष्टि पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों से करने की अपील की।

सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बचने के निर्देश

सोशल मीडिया के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। लोगों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक, भ्रामक या अशोभनीय पोस्ट अथवा कमेंट को शेयर या प्रसारित न करें, जिससे किसी व्यक्ति या समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों और विसर्जन मार्गों पर रहेगी निगरानी

आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, जुलूस एवं मूर्ति विसर्जन मार्गों की व्यवस्था तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *