दुर्घटना के हब बने पोखरनी चौराहे पर मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में चार हुए गंभीर रूप से घायल…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दुर्घटनाओं का हब बनता जा रहा पोखरनी चौराहा, हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन की नहीं पड़ रही नजर, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार गंभीर घायल

बस्ती 3 नवंबर 2026.

नगर थाना क्षेत्र का पोखरनी चौराहा अब दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील स्थान बनता जा रहा है। आए दिन हादसों की आशंका के बीच यहां सुरक्षा इंतजामों को लेकर हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

इसी बीच आज शाम लगभग 5.45 पोखरनी चौराहे पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर नगर थाना क्षेत्र के मॉडन गांव के दो लोग सवार थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर नगर थाना क्षेत्र के पोखरनी गांव निवासी लालमन चौधरी (लगभग 55 वर्ष) और मनी चौधरी (लगभग 26 वर्ष) सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल सवार हाथ से मुड़ने का संकेत देकर दिशा बदल रहा था। इसी दौरान दूसरी तरफ से तेज गति में आ रही मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। दोनों वाहनों की भिड़ंत में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद कर अस्पताल पहुंचाया

दुर्घटना होते ही मौके पर मौजूद स्थानीय लोग घायलों की सहायता के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने तत्काल मदद करते हुए नेशनल हाईवे की एंबुलेंस के माध्यम से चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

पोखरनी चौराहे पर सुरक्षा इंतजाम की जरूरत

स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखरनी चौराहे पर वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। ऐसे में यहां यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना बेहद जरूरी है। चौराहे पर उचित संकेतक, गति नियंत्रण के उपाय और अन्य जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

लगातार हो रहे हादसों के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन से चौराहे पर विशेष ध्यान देने तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से कब लेते हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *