खूनी संघर्ष में महिला की मौत, कई घायल…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, शिक्षिका की मौत; तीन अन्य गंभीर रूप से घायल

बस्ती 10 नवंबर 2026.

कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट की घटना में एक शिक्षिका समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शिक्षिका सुधा की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ पुरानी जमीनी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरटीआई को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच पहले से विरोध चल रहा था। इसी बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

मामले में क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह ने बताया कि लक्ष्मी देवी निवासी बैजलपुर, थाना कलवारी का मायका ताहिरपुर में है। उनके मायके में लक्ष्मी प्रतिमा की स्थापना की गई थी। इसी सिलसिले में वह मायके आ रही थीं। इस दौरान वह मृतका सुधा के दरवाजे के सामने से जा रहीं थीं,वहाँ पर कहासुनी हो गई। इसके बाद लक्ष्मी देवी ने फोन कर अपने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया। कहासुनी के दौरान ही मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, इलाज के दौरान सुधा की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अभी तक मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *