Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

बस्ती: पति की हत्या के मामले में पत्नी गिरफ्तार, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने लाठी और गमछा बरामद किया
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नकटीदेई तिनियहवा गांव का मामला, घरेलू विवाद और पैसों को लेकर झगड़े के बाद हत्या का आरोप
बस्ती 19 नवंबर 2026.
जनपद बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्ता पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक दिग्विजय का शव घर में बिस्तर पर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान और गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आरोपी पत्नी लीलावती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, 17 नवंबर को दिग्विजय पुत्र रामतीर्थ, निवासी नकटीदेई तिनियहवा, थाना कप्तानगंज, बस्ती का शव उनके घर में बिस्तर पर मिला था। मृतक के पुत्र राजन वर्मा की तहरीर पर थाना कप्तानगंज में मुकदमा संख्या 306/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत लीलावती पत्नी स्वर्गीय दिग्विजय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
पैसों को लेकर हुआ विवाद, पूछताछ में बताई हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्ता लीलावती ने बताया कि उसके दो बेटे हैं, जो बाहर रहते हैं और अभी उनका विवाह नहीं हुआ है। उसके अनुसार, पति शराब पीने के आदी थे और शराब पीकर घर आने पर अक्सर झगड़ा करते थे। 16 नवंबर को उसने खेती-बारी के लिए घर में रखे 10 हजार रुपये गायब पाए। आरोप है कि पति ने बिना उसकी जानकारी के रुपये निकाल लिए थे।
रात में पति के शराब पीकर घर आने पर जब उसने रुपये के बारे में पूछताछ की तो विवाद बढ़ गया। अभियुक्ता के बयान के अनुसार, पति ने घर में रखी लाठी से उसे मारने की कोशिश की, जिसके बाद उसने लाठी छीनकर पति पर हमला किया। पति के बिस्तर पर गिरने के बाद उसने कथित तौर पर गमछे से गला दबा दिया।
अभियुक्ता ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह पति के व्यवहार से परेशान थी और उसे आशंका थी कि पति नशे की हालत में खेत भी किसी दूसरे के नाम कर सकते हैं। उसने पूर्व में भी जमीन बेचने की बात कही।
पुलिस ने बरामद किया घटना में प्रयुक्त सामान
कप्तानगंज पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई गई एक लाठी तथा एक गेरुआ रंग का गमछा बरामद किया है। पुलिस द्वारा अभियुक्ता के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार यादव, विरेन्द्र कुमार राय, अजय कुमार यादव, कांस्टेबल अभिमन्यु शर्मा, आंशु जायसवाल तथा महिला कांस्टेबल शिल्पा रावत और मनोरमा सरोज शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS