सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसपी ने देर रात लिया जायजा, टाण्डा पुल पहुंचे अधिकारी…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

कार्तिक पूर्णिमा पर सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसपी ने देर रात लिया जायजा, टाण्डा पुल पहुंचे अधिकारी

स्नान घाटों पर गोताखोर, नाव, स्टीमर, मेडिकल टीम, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

बस्ती, 23 नवंबर 2026.

कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह देर रात माझा खुर्द स्थित टाण्डा पुल पहुंचे। अधिकारियों ने टाण्डा पुल के दोनों तरफ पहुंचकर स्नान घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

23 नवंबर की मध्य रात्रि से 24 नवंबर तक टाण्डा पुल के समीप श्रद्धालुओं के स्नान और पूजा-पाठ के साथ वैष्णोपुर में स्थानीय मेले तथा रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्नान क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती, स्टीमर और नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू हो सके, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं। घाटों पर खोया-पाया कैम्प और मेडिकल कैम्प स्थापित करने के साथ साफ-सफाई तथा पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए टाण्डा पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि स्नान और मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

उन्होंने टाण्डा पुल और कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की टीम तैनात रखने को कहा, ताकि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा फायर बिग्रेड, अग्निशमन यंत्र तथा अन्य अग्नि सुरक्षा इंतजामों को भी पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखें और स्नान, मेला तथा रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक मद्धेशिया, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *