कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पूरी रात मुस्तैद रहा प्रशासन…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

कार्तिक पूर्णिमा पर टाण्डा पुल और वैष्णोपुर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पूरी रात मुस्तैद रहा प्रशासन

बस्ती, 24 नवंबर 2026

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर टाण्डा पुल और ग्राम सभा वैष्णोपुर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। वहीं वैष्णोपुर में आयोजित मेले और रावण दहन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच स्नान पर्व एवं मेला शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना के निर्देशन में माझा खुर्द टाण्डा पुल के दोनों तरफ तथा वैष्णोपुर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। 23 नवंबर 2026 की मध्य रात्रि से 24 नवंबर तक टाण्डा पुल के आसपास श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती और एसडीएम सदर प्रमोद कुमार पूरी रात मेले में मौजूद रहे। दोनों अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे। उनके साथ पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पूरी मुस्तैदी से तैनात रहीं।

सुरक्षा से लेकर चिकित्सा तक किए गए व्यापक इंतजाम

टाण्डा पुल के दोनों तरफ गोताखोरों, स्टीमर और नावों की व्यवस्था की गई थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए खोया-पाया केंद्र और मेडिकल कैंप भी स्थापित किए गए थे। घाट एवं मेला परिसर में साफ-सफाई, पार्किंग, बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की टीम तैनात रही। अग्निशमन विभाग की टीम, फायर ब्रिगेड और अग्निशमन उपकरणों की भी व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजामों पर लगातार निगरानी रखी गई।

मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्व और मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

📍 इसके पहले कल दिन में जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना तथा पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा घाटों की निगरानी कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे |

प्रशासनिक सतर्कता, पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पर्व एवं वैष्णोपुर का मेला सकुशल चल रहा है ।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *